जोगिंद्रनगर के विधायक प्रकाश राणा ने लडभड़ोल में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में खुद पर और अपने स्टाफ पर लगे आरोपों को सिरे से खारिज किया है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें दावा किया गया था कि एचआरटीसी बस कंडक्टर के साथ मारपीट करने वाला युवक विधायक के ड्राइवर का बेटा है। राणा ने इसे 100% झूठ बताते हुए स्पष्ट किया कि इस घटना में उनके ड्राइवर का बेटा बिल्कुल भी शामिल नहीं है। विधायक ने एचआरटीसी यूनियन पर राजनीतिक साजिश के तहत उनकी छवि खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी है कि बिना सबूत उनका नाम घसीटने वाले नेताओं के खिलाफ वह मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे। मारपीट के मामले में एफआईआर दर्ज न होने पर राणा ने राज्य की कांग्रेस सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारियों पर सत्ताधारी नेताओं का दबाव है, जिसके कारण कार्रवाई नहीं हो रही है। विधायक ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, एचआरटीसी प्रबंधन, मंडी एसपी और पुलिस प्रशासन से जवाब मांगते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई जनता के सामने लाई जाए। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी गुंडागर्दी का समर्थन नहीं किया है। वह हिमाचल में केवल जनता की सेवा करने के विजन से आए हैं और ऐसी झूठी राजनीति उनके हौसले नहीं तोड़ सकती।