देश में संचार क्रांति लाने वाले मंडी जिला के पूर्व में दूरसंचार मंत्री रहे स्व पंडित सुख राम की मंडी में प्रतिमा स्थापित करने को लेकर एक बार फिर मांग उठने लगी है। इस कड़ी में पूर्व लोकसभा प्रत्याशी एवं स्व सुखराम के पोते आश्रय शर्मा ने नगर निगम के मनोनीत पार्षद संजय शर्मा की ओर से स्व. पंडित सुख राम की मंडी में प्रतिमा स्थापित करने के प्रस्ताव का समर्थन किया। आश्रय शर्मा ने कहा कि स्व. पंडित सुखराम का जीवन हमेशा संघर्षशील रहा, उन्होंने हमेशा हिमाचल और मंडी के विकास पर अपना ध्यान केंद्रित रखा और विकास व रोजगार उनकी प्राथमिकता रही। दूरसंचार क्रांति किसी से नहीं छुपी है। उन्होंने हर संभव प्रयास केंद्रीय मंत्री और मंत्री रहते अपने अधीन रहे मंत्रालयों और विभाग के माध्यम से हिमाचल और मंडी को प्राथमिकता में रख कर किया। कहा कि हिमाचल के विकास में उनका योगदान कभी नहीं भुलाया जा सकता। कोटली में बहु प्रतीक्षित थाना प्लौन विद्युत परियोजना भी स्व. सुख राम की सोच का नतीजा है। इसे सदर विधायक अनिल शर्मा के गंभीर प्रयासों से अब बहुत जल्द धरातल पर उतारा जाएगा। कहा कि जल्द ही मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह से मिलकर थाना प्लौन विद्युत परियोजना का नाम स्व. पंडित सुखराम के नाम पर करने का आग्रह किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री इस पर गंभीरता से विचार करेंगे। यह सरकार की ओर से स्व. पंडित सुखराम को एक सच्ची श्रद्धांजलि होगी।