जिला मंडी के दयोड गांव में एक बार फिर जमीन धंसने से हड़कंप मच गया है। बीती रात अचानक जमीन का बड़ा हिस्सा धंस गया, जिससे तीसरी बार यहां विशाल गड्ढा बन गया। घटना के बाद आसपास के कई घरों में चौड़ी दरारें पड़ गई हैं और ग्रामीण दहशत में हैं। गांव में वर्ष 2022 से ही जमीन धंसने और मकानों में दरारें आने का सिलसिला जारी है। वर्ष 2024 में भी इसी इलाके के थोड़े ऊपरी हिस्से में गड्ढा बना था, जिसे राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने भरकर अस्थायी रूप से सुरक्षित किया था। अब इसी स्थान के नीचे दोबारा बड़ी मात्रा में भूमि धंसने से चिंता बढ़ गई है।