जोगिंदर नगर विकास मंच के संस्थापक केके सकलानी ने अपने जनसंपर्क अभियान के तहत लडभड़ोल क्षेत्र के कोच्छू और खोलू गांव का दौरा कर स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में बढ़ते नशे के खतरे पर चिंता व्यक्त करते हुए समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। जनसंवाद के दौरान केके सकलानी ने कहा कि युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने अभिभावकों और बुजुर्गों से आग्रह किया कि वे बच्चों के साथ मित्रवत व्यवहार करें, ताकि बच्चे अपनी समस्याएं खुलकर साझा कर सकें। उन्होंने कहा कि माता-पिता को यह भी ध्यान रखना चाहिए कि उनके बच्चे किस संगति में रह रहे हैं, कहां आ-जा रहे हैं और अपना समय किन गतिविधियों में व्यतीत कर रहे हैं। परिवार और समाज की जागरूकता से ही युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोका जा सकता है। केके सकलानी ने युवाओं से पढ़ाई और खेलकूद पर पूरा ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि अनुशासन और मेहनत ही उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से चिट्टे जैसे जानलेवा नशे से पूरी तरह दूर रहने का आह्वान किया। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने "जय भारत, जय हिमाचल" का नारा लगाते हुए समाज के सभी वर्गों से नशामुक्त और जागरूक हिमाचल के निर्माण में सहयोग देने की अपील की।