छोटी काशी मंडी के खलियार स्थित शनिधाम खलियार में शनिवार को शनि जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। शनिचरी अमावस्या के दुर्लभ संयोग के चलते इस बार शनि जयंती को विशेष महत्व का माना गया। मंदिर परिसर दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ और शनिदेव के जयकारों से गूंजता रहा। शनि जयंती को लेकर मंदिर में पिछले चार दिनों से विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे थे। शनिवार को मंदिर में बड़े हवन यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने पूर्णाहुति देकर न्याय देवता शनिदेव का आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का भी आयोजन हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने शनि महिमा का गुणगान किया। मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया था। मंदिर पुजारी पीतांबर शर्मा ने बताया कि हर वर्ष एकादशी से अमावस्या तक शनिधाम खलियार में शनि जयंती के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।