स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान, पंडोह की ओर से शुक्रवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। जनहित से जुड़े इस कार्यक्रम का आयोजन केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) बीएसएलपी सुंदरनगर के सहयोग से किया गया। शिविर में संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, सीआईएसएफ जवानों तथा अन्य स्वयंसेवी रक्तदाताओं ने उत्साह और सेवा भावना के साथ भाग लिया। शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित रक्त की उपलब्धता में सहयोग करना और समाज में नियमित एवं स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर 48 स्वयंसेवकों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता और सामाजिक उत्तरदायित्व की मिसाल पेश की। रक्तदान से पहले सभी इच्छुक रक्तदाताओं का पंजीकरण किया गया। इसके बाद आवश्यक स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श के बाद पात्र लोगों से रक्तदान करवाया गया। डॉ. नीतीश चिकित्सा अधिकारी की अगुवाई में क्षेत्रीय अस्पताल मंडी की चिकित्सा टीम ने शिविर के सुरक्षित एवं व्यवस्थित संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रक्तदान के दौरान निर्धारित चिकित्सकीय प्रक्रियाओं और सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखा गया। शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। पंडोह बीडीसी सदस्य दीपक सैनी तथा पंडोह पंचायत के उपप्रधान रोहित कुमार मौके पर मौजूद रहे और रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर सीआईएसएफ के सहायक कमांडेंट दीपक जोशी और क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान, पंडोह की प्रभारी अधिकारी डॉ. विनीता कुमारी नेगी भी उपस्थित रहीं। उन्होंने शिविर का निरीक्षण किया और रक्तदाताओं एवं स्वयंसेवकों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शिविर के सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगी संस्थाओं, चिकित्सा दल, स्वयंसेवकों और रक्तदाताओं की सराहना की।