भाजपा मंडी जिला अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस नेता और मंत्री प्रदेश की गंभीर समस्याओं पर काम करने के बजाय अनर्गल बयानबाजी में लगे हुए हैं। जनता का ध्यान अपनी विफलताओं से हटाने के लिए कांग्रेस नेताओं द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भारतीय सेना और राजनीतिक विरोधियों पर की जा रही टिप्पणियाँ उनकी बौखलाहट और राजनीतिक दिवालियापन को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि विशेषकर मंत्री जगत सिंह नेगी लगातार पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर व्यक्तिगत टिप्पणियां कर रहे हैं, जबकि जयराम ठाकुर ने हमेशा विकास को प्राथमिकता दी और प्रदेश के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। निहाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस मंत्री जगत सिंह नेगी ऐसी टिप्पणियां इसलिए कर रहे हैं क्योंकि वह सस्ती लोकप्रियता चाहते हैं और अपने विभाग की कमियों तथा सरकार की नाकामियों को छिपाना चाहते हैं।