अभिलाषी नर्सिंग कॉलेज टांडा (डडौर) में गुरुवार को राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर एक प्रेरणादायक एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता प्रोफेसर अनुपमा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं और महिलाओं के अधिकारों, आत्मसम्मान, आत्मनिर्भरता तथा नारी सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। कार्यक्रम के दौरान सशक्त नारी, सशक्त भारत, महिला सशक्तिकरण नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2024 (महिला आरक्षण) तथा विकसित भारत 2047 में महिलाओं की भूमिका जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने न केवल प्रश्न पूछे बल्कि अपने विचार भी खुलकर साझा किए। इससे उनके भीतर सीखने, समझने और आगे बढ़ने की स्पष्ट झलक देखने को मिली। गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास, जागरूकता और नेतृत्व की भावना को प्रोत्साहन मिला। मुख्य अतिथि प्रोफेसर अनुपमा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज की जागरूक और आत्मनिर्भर बालिका ही कल के सशक्त भारत की नींव है। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नारी सशक्तिकरण और समानता के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन किया।