लड़भडोल तहसील क्षेत्र के प्राचीन शिव मंदिर नागेश्वर महादेव कुड्ड में इस वर्ष भी मकर संक्रांति के पावन अवसर पर सात दिवसीय घृत पर्व का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर मंदिर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस विशेष अवसर पर भगवान शिव की प्रतिमा का 51 किलो मक्खन और विभिन्न प्रकार के मेवों से भव्य शृंगार किया जाएगा। मंदिर के वर्तमान प्रबंधक एवं थानापति महंत विमल गिरी ने कहा कि इस वर्ष घृतमंडल का आयोजन 14 जनवरी से शुरू होकर 21 जनवरी तक चलेगा। उन्होंने कहा कि यह धार्मिक कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष महंत प्रेमगिरी महाराज और ब्रह्मलीन महंत श्री कालू बाबा महाराज के आशीर्वाद से संपन्न हो रहा है। प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी शिवलिंग पर 51 किलो शुद्ध मक्खन का लेप लगाकर उसे मेवों से सुसज्जित किया जाएगा, जो भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र रहता है। उन्होंने कहा कि 21 जनवरी को मंदिर परिसर में अखंड रामायण का पाठ शुरू किया जाएगा, जिसका समापन 22 जनवरी को होगा। समापन के उपलक्ष्य पर मंदिर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है। मंदिर प्रशासन को उम्मीद है कि इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु नागेश्वर महादेव के दर्शन हेतु पहुंचेंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों और शिव भक्तों से आग्रह किया है कि वे इस पावन धार्मिक उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लें।