कुल्लू-मनाली में पर्यटन गतिविधियां लगातार रफ्तार पकड़ रही हैं। पहाड़ों पर हो रही हल्की बर्फबारी के बीच पर्यटक यहां की खूबसूरत वादियों का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। शनिवार को कुल्लू घाटी के बबेली, बाशिंग, रायसन, भुंतर, बजौरा में पर्यटकों ने ब्यास नदी की ठंडी लहरों के बीच रिवर राफ्टिंग का रोमांच अनुभव किया। पंजाब से आए पर्यटक सोहनजीत और मनविंदर कौर तथा दिल्ली के अभिजीत, मयंक और तुषार ने बताया कि वे हिमाचल के पहाड़ों पर हो रही हल्की बर्फबारी का आनंद लेने कुल्लू-मनाली पहुंचे हैं। पिछले दिनों उन्होंने रोहतांग दर्रा के दीदार किए और बर्फ के बीच खूब मस्ती की। वहीं, शनिवार को ब्यास नदी की तेज और ठंडी धाराओं में रिवर राफ्टिंग कर रोमांचक अनुभव हासिल किया। पर्यटकों ने कहा कि बर्फ से ढके पहाड़ों और ब्यास नदी की लहरों के बीच बिताए पल उनके लिए यादगार बन रहे हैं।