जिला लाहौल-स्पीति में मतदाता जागरुकता गतिविधियों के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर मतदाताओं को जागरूक करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में तांदी संगम के बामतट पर जिला आयुष विभाग ने योगाभ्यास से स्वस्थ चित्त योग से शत-प्रतिशत मतदान का संदेश दिया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और योगाभ्यास में भी भाग लिया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान के प्रति जानकारी देते हुए कहा कि वोट देना सफल लोकतंत्र के लिए जरूरी है, सभी वोट देकर लोकतंत्र में भागीदारी बने। योगाभ्यास में आए सभी प्रतिभागियों से आह्वान किया कि मतदान प्रतिशतता को बढ़ाने के लिए सभी मतदाता 1 जून को मतदान करें। अपने बड़े भाई-बहनों, मित्रों सहित मतदान करने के लिए बढ़ चढ़कर भाग लेने को प्रेरित करें। योगाभ्यास के बाद मतदान की आवश्यकता एवं महत्व संबंधी परिचर्चा की।मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत केलांग मुख्यालय में उपायुक्त कार्यालय परिसर से उपायुक्त ने स्कूल के बच्चों की जागरूकता व साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बच्चों ने केलांग बाजार में स्लोगन के जरिये मतदाताओं को मतदान में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने के लिए जागरूक किया। इस मौके पर विभिन्न विभागों की अधिकारी गण भी मौजूद रहे।