हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के आनी क्षेत्र में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। यात्रियों से भरी एक निजी बस के गहरी खाई में गिरने से चालक सहित तीन लोगों की माैत हो गई जबकि 39 यात्री घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल 11 यात्रियों को रामपुर व आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। बाकि घायल आनी अस्पताल में भर्ती हैं। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह एक निजी बस(एनपीटी) करसोग के आनी जा रही थी। इसी दाैरान सुबह करीब 11:00 बजे श्वाड-निगान सड़क पर बस शकेलड़ के समीप नीचे खड्ड किनारे गिर गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई । हादसा इतना भयानक था कि बस के परखच्चे उड़ गए। हादसे के दाैरान बस में चालक सहित 42 लोग सवार थे।