लिंडूर गांव में जानलेवा हमले से घायल व्यक्ति को 108 एंबुलेंस के माध्यम से क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया है। लाहौल स्पीति की फूड़ा पीएचसी से गुरुवार को 108 के पायलेट सुरेश कुमार और ईएमटी लक्ष्मी चंद ने घायल प्रेम जीत को बर्फीले रास्ते से होकर उसे क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचा दिया है, जहां व्यक्ति को उपचार के लिए भर्ती कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार फूडा निवासी प्रेम जीत पर बुधवार को विवेक नाम के एक व्यक्ति ने जानलेवा हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और ग्रामीणों ने उसे पीएचसी फूड़ा तक बर्फ के बीच चारपाई पर उठाकर पहुंचाया था। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे रेफर किया गया था लेकिन सड़क बहाल नहीं होने के कारण बुधवार को उसे न तो केलांग पहुंचाया जा सका और न ही कुल्लू ले जा पाए थे। ऐसे में अब गुरुवार को उसे फूड़ा से फोर वाई फोर वाहन के लिए मार्ग खुल जाने के बाद एंबुलेंस के जरिये अटल टनल रोहतांग मार्ग से होकर कुल्लू लाया गया है। उधर, पुलिस अधीक्षक लाहौल स्पीति शिवानी महला ने बताया कि पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले व्यक्ति के खिलाफ बीएस की धारा 126 (2), 115 (2), 351 (2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।