पर्यटन नगरी में चौथी मनाली मैराथन का आगाज हो गया है। देश-विदेश से पहुंचे 1100 से अधिक धावक इस आयोजन में हिस्सा ले रहे हैं। मैराथन के पहले दिन करीब 350 धावकों ने अलग-अलग श्रेणियों में दौड़ लगाकर अपना दमखम दिखाया। इस आयोजन का मुख्य आकर्षण 100 किलोमीटर की अल्ट्रा मैराथन रही, जिसमें धावकों ने मनाली से रोहतांग दर्रे तक दौड़ लगाई और वापस मनाली पहुंचे। जिला प्रशासन के सहयोग से हिमालयन एक्सट्रीम की ओर से आयोजित इस मैराथन में 100 किलोमीटर अल्ट्रा मैराथन, 42 किलोमीटर फुल मैराथन, 21 किलोमीटर हाफ मैराथन के अलावा 10 और पांच किलोमीटर की दौड़ आयोजित की जा रही हैं। बच्चों के लिए रन फॉर फन का भी आयोजन होगा। आयोजक प्रवीण सूद (पिंटू) ने बताया कि 30 अक्तूबर रात 11:00 बजे एसडीएम मनाली ने अल्ट्रा मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शनिवार सुबह 42 किलोमीटर फुल मैराथन और 21 किलोमीटर हाफ मैराथन का शुभारंभ हुआ। 1 नवंबर को उपायुक्त कुल्लू डॉ. अमित शर्मा अन्य दौड़ों को हरी झंडी दिखाएंगे। पुलिस अधीक्षक कुल्लू भी इस आयोजन में हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि इस वर्ष मैराथन का मुख्य उद्देश्य मनाली में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्वच्छता और फिटनेस के प्रति लोगों को जागरूक करना है। आयोजन में स्वच्छता को भी विशेष महत्व दिया गया है। इसके तहत बच्चों को निर्धारित स्थानों से प्लास्टिक की खाली बोतलें एकत्र करने पर निशुल्क प्रवेश दिया गया है। स्वच्छता अभियान में योगदान देने वाले बच्चों को सम्मानित भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मैराथन के माध्यम से मनाली को पर्यटन के साथ फिटनेस और स्वच्छता के क्षेत्र में भी नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। तीन दिवसीय आयोजन का समापन एक नवंबर को रन फॉर फन के साथ होगा।