अटल टनल की प्रथम स्नो गैलरी के समीप भूस्खलन के कारण मनाली-लेह मार्ग यातायात के लिए बंद हो गया है। स्नो गैलरी के साथ बहने वाले नाले के उफान पर आने से मलबा सड़क पर आ गया। इससे अटल टनल होकर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। बीआरओ ने सड़क बहाली का कार्य शुरू कर दिया है। फिलहाल लेह और लाहौल की ओर जाने वाले वाहनों को रोहतांग दर्रा होकर भेजा जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अति आवश्यक स्थिति में ही इस मार्ग पर यात्रा करें। जानकारी के अनुसार वीरवार शाम लगभग छह बजे स्नो गैलरी के समीप होकर बहने वाला नाला उफान पर आ गया। इससे मलबा सड़क पर जमा हो गया। साथ ही भूस्खलन भी हुआ। इसलिए कारण वाहनों के पहिये रुक गए। लाहौल में जनजातीय उत्सव के कारण सड़क पर फंसने वाले वाहनों की संख्या कागि अधिक बताई जा रही है। प्रशासन ने सभी वाहनों को रोहतांग दर्रा होकर जाने की अनुमति प्रदान की है। हालांकि कई बड़े वाहन इस मार्ग पर फंसे हुए है। एसडीएम रमण कुमार शर्मा ने कहा कि बीआरओ ने सड़क बहाली का कार्य शुरू कर दिया है। जल्द यातायात बहाल होने की उम्मीद है। लोगों से अपील है कि अनावश्यक यात्रा से बचे। डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि वाहनों को रोहतांव दर्रा होकर भेजा जा रहा है।