पीपल जातर के लिए ढालपुर मैदान में लगी अस्थायी दुकानों को 15 मई तक हटाने की मांग को लेकर व्यापार मंडल कुल्लू का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को अध्यक्ष मदन लाल सूद के नेतृत्व में अतिरिक्त उपायुक्त कुल्लू अश्वनी कुमार से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए मेले की अवधि तय समय तक सीमित रखने की बात उठाई। व्यापार मंडल अध्यक्ष मदन लाल सूद ने कहा कि मेले के शुभारंभ से पहले ही जिला प्रशासन से आग्रह किया गया था कि मेला संपन्न होने के बाद बाहरी व्यापारियों को केवल 15 दिनों का समय दिया जाए। उन्होंने बताया कि उपायुक्त कुल्लू ने उस समय आश्वासन दिया था कि 15 मई तक ढालपुर मैदान से सभी अस्थायी दुकानें हटा दी जाएंगी।