संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार, राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय रेपर्टरी कंपनी, भाषा एवं संस्कृति विभाग हिमाचल प्रदेश, हिमाचल कला संस्कृति एवं भाषा अकादमी तथा गेयटी ड्रामेटिक सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में 18 से 20 जून 2026 तक अटल सदन सभागार में ‘हिम रंग षष्टी’ नाट्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय यह उत्सव प्रतिदिन शाम 5 बजे से 7 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें रंगमंच प्रेमियों को विभिन्न नाट्य प्रस्तुतियों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। यह जानकारी प्रेस वार्ता के दौरान राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय रेपर्टरी कंपनी दिल्ली के स्टेज मैनेजर अभिषेक मुद्गल ने दी। उन्होंने बताया कि उत्सव के दौरान नाट्य कला और रंगमंच से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें राष्ट्रीय स्तर के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं का रुझान एक बार फिर रंगमंच की ओर बढ़ रहा है। आधुनिक मनोरंजन के अनेक साधनों के बावजूद युवा वर्ग अब लाइव नाटक देखने में रुचि दिखा रहा है, जो रंगमंच के लिए एक सकारात्मक संकेत है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के आयोजन युवाओं को कला और संस्कृति से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।