जिला कुल्लू और जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति में तीन दिनों से बर्फबारी का दौर जारी है। भारी बर्फबारी से लाहौल घाटी देश-दुनिया से कट गई है। रोहतांग दर्रा पर पांच फुट हिमपात होने का अनुमान है। जबकि कोकसर में 70, अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल पर 60, सिस्सू 60, गोंधला व तांदी 60, दारचा 45, टनल के साउथ पोर्टल में 100, सोलंनगाला 40 और जलोड़ी दर्रा में 20 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है। वहीं, जिला कुल्लू व लाहौल की चंद्राघाटी में रविवार रात से बिजली गुल है। भारी बर्फबारी से दोनों जिले में तीन हाईवे के साथ 150 से अधिक सड़कों पर यातायात ठप हो गया है। लाहौल-स्पीति जिला प्रशासन ने हिमखंड गिरने की आशंका जताई है। किन्नौर जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी ताजा हिमपात हुआ है। लाहौल के सिस्सू के पास बर्फबारी के बीच हाईवे तीन से बीआरओ ने बर्फ हटाने का काम शुरू किया है।