मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू बुधवार को अपने बागा सराहन दौरे के समापन के बाद जब अगले पड़ाव की ओर रवाना होने वाले थे तो उन्होंने अचानक सरकारी स्कूल की प्रार्थना सभा में पहुंचकर विद्यार्थियों का औचक निरीक्षण कर सबको चौंका दिया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से सामान्य ज्ञान के सवाल पूछे और बच्चों की बौद्धिक क्षमता की परख की। वहीं प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने बड़ी ही समझदारी और आत्मविश्वास से सवालों के जवाब दिए, जबकि दसवीं तक के वरिष्ठ विद्यार्थियों के उत्तर संतोषजनक नहीं रहे। इस पर मुख्यमंत्री ने स्कूल के प्रधानाचार्य को सुझाव दिया कि वे विद्यार्थियों को नियमित रूप से सामान्य ज्ञान पढ़ाएं, ताकि उनका समग्र विकास हो सके। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्कूल की अवस्थापना को देखते हुए प्राथमिक विद्यालय के लिए नए भवन निर्माण की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बागा सराहन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अध्यापकों से छात्रों को किताबी ज्ञान के अलावा व्यवाहरिक और सामान्य ज्ञान प्रदान करने पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने पाठशाला के छात्रों से संवाद किया और उनसे सामान्य ज्ञान व उनके कॅरियर के बारे में बातचीत की और उनकी रूचि के बारे में जाना। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे जीवन का लक्ष्य निर्धारित करके कड़ी मेहनत एवं लग्न के साथ आगे बढ़ें और सपनों को नई उंचाइयों पर पहुचाएं।