हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्र लाहौल में ताजा बर्फबारी के बाद मौसम खुलते ही पहाड़ों से हिमस्खलन शुरू हो गया है। गुरुवार सुबह करीब 9:00 बजे जोबरंग गांव के समीप पहाड़ से भारी हिमस्खलन हुआ है। इससे आठ मिनट तक बर्फ का बवंडर हवा में रहा। जोबरंग पंचायत के पूर्व प्रधान सोम देव योकी ने हिमस्खलन की आवाज सुनी। उन्होंने अपने घर की छत से गिरते हिमखंड और उससे उठे बवंडर को अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया। उपायुक्त लाहौल-स्पीति राहुल कुमार ने घाटी के लोगों से अपील की है कि लोग अनावश्यक इधर-उधर न जाए। उन्होंने बताया कि लाहौल के पहाड़ों में भारी बर्फबारी हुई है। अब मौसम खुलते ही धूप खिलने से हिमस्खलन का खतरा बढ़ जाता है लिहाजा लोग एहतियात बरते और अनावश्यक यात्रा न करें।