हमीरपुर जिला भर में शुक्रवार को दुर्गा नवमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों में स्थापित माता के कलशों को नदी में प्रवाहित करके लोगों ने सुख-समृद्धि की कामना की। जिले के प्रमुख अवाहदेवी माता मंदिर में शुक्रवार को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मंदिर में सजाए गए पंडाल में स्थापित दुर्गा माता के नौ रूपों की पूजा-अर्चना की गई। मंदिर में दिनभर माता रानी के दर्शनों के लिए श्रद्धालु कतारों में लगे रहे। इसके अतिरिक्त लदरौर कस्बा में स्थित संतोषी माता मंदिर में भी काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। मंदिर कमेटी के प्रधान बलवंत सिंह ने कहा कि मंदिर में राम नवमी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी है। मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्थाएं की हुई हैं। श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्वक तरीके से मां के दर्शन किए।