ऐतिहासिक प्राकृतिक जल स्रोत नौण का पानी अब सुजानपुर में शहरवासियों की प्यास बुझाएगा। बरसात के दौरान ब्यास नदी में गंदलापन और जलस्तर बढ़ने से प्रभावित होने वाली पेयजल आपूर्ति की समस्या से राहत दिलाने के लिए जल शक्ति विभाग ने नौण से उठाऊ पेयजल योजना को धरातल पर उतार दिया है। विभाग ने योजना का अधिकांश कार्य पूरा कर लिया है और जल्द ही टेस्टिंग के बाद इस जल स्रोत का पानी नलों के माध्यम से लोगों के घरों तक पहुंचाया जाएगा। गौरतलब है कि बरसात के मौसम में ब्यास नदी में जलस्तर बढ़ने और गंदले पानी के कारण कई बार पेयजल योजनाएं प्रभावित हो जाती हैं। इससे शहर में पानी की आपूर्ति बाधित होने के साथ लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ता है। जल शक्ति विभाग सुजानपुर के सहायक अभियंता राजेश कुमार ने कहा कि पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है और ट्रीटमेंट प्लांट में पानी का भंडारण शुरू कर दिया गया है। टेस्टिंग पूरी होते ही नलों के माध्यम से नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।