शहीद अंकुश ठाकुर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मनोह में शुक्रवार को सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध ,सूखा कचरा, गीला कचरा व इलेक्ट्रॉनिक कचरा प्रबंधन पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में स्कूल के बच्चों, अध्यापकों, अभिभावकों, पंचायत प्रतिनिधियों व स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्यों ने भाग लिया। कार्यशाला में विषय विशेषज्ञ के रूप में मंजरी महाजन व हेमलता ने सभी उपस्थित सदस्यों को कचरे से होने वाली बीमारियों व कचरा प्रबंधन पर जानकारी दी। कार्यशाला में मुख्य रूप से ठोस व तरल कचरे को कैसे अलग करें, सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध, इलेक्ट्रॉनिक कचरे को कैसे निपटाया जाए आदि विषयों पर जानकारी उपलब्ध कराई गई। जिला विज्ञान पर्यवेक्षक राजेश गौतम ने स्कूलों में बाल विज्ञान सम्मेलन व इको क्लब के माध्यम से विज्ञान और पर्यावरण से संबंधित करवाए जाने वाले सभी कार्यक्रमों की विशेष जानकारी बच्चों, अध्यापकों व अभिभावकों को उपलब्ध करवाई। कार्यशाला में स्कूल प्रबंधन समिति प्रधान विनोद कुमार व प्रकाश चौधरी, प्रधानाचार्य अशोक ठाकुर ने इको क्लब प्रभारी अनिता कुमारी, संजय परमार व रीना कुमारी सहित अन्य उपस्थित रहे।