जेपी पब्लिक स्कूल समीरपुर में शनिवार को वार्षिक समारोह बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में मेजर जनरल प्रभजोत सिंह भट्टी बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर खेलकूद गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित करके भारतीय सेना के वीर जवानों के पराक्रमों पर प्रकाश डाला व विद्यार्थियों को देशसेवा और अनुशासन का महत्व बताया। स्कूल प्रधानाचार्य नरेश कुमार शर्मा ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करके शैक्षणिक एवं सह पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पहाड़ी नाटी, लोक गीत, पंजाबी गिद्दा, भांगड़ा, देशभक्ति, धार्मिक, हिंदी फिल्मों पर आधारित, पहाड़ी व पंजाबी गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इसके अतिरिक्त नशे जैसी सामाजिक बुराई पर आधारित लघु नाटक प्रस्तुत कर समाज को जागरूक करने का संदेश दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा।इस मौके पर संस्था के प्रबंधक कर्नल राम पाल पराशर सहित स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।