जल शक्ति मंडल भोरंज के अधिशासी अभियंता प्रदीप चड्डा को जान से मारने की धमकी देने के मामले में भोरंज थाना में एक प्राथमिकी दर्ज हुई है। शिकायत में कहा गया है कि एक युवक ने उन्हें सोशल मीडिया पर रील अपलोड रिवॉल्वर को लहराते हुए धमकी दी गई है हालांकि पुलिस जांच में यह लाइटर पाया गया है। शिकायतकर्ता प्रदीप चड्डा निवासी मैड़ ने आरोप लगाया है कि आरोपी कमलजीत उर्फ रिंकू जरयाल लोक निर्माण विभाग में ठेकेदार के रूप में कार्य करता है। फेसबुक के माध्यम से बार-बार धमकियां दी जाती रही हैं तथा कार्यालय समय में भी दुर्व्यवहार किया जाता है। 16 दिसंबर 2025 को आरोपी ने फेसबुक पर रिवॉल्वर प्रदर्शित कर जान से मारने की धमकी दी। इससे उन्हें व उनके परिवार को खतरा है। शिकायत के उपरांत आरोपी कमलजीत उर्फ रिंकू जरयाल के आवास की तलाशी ली गई। पुलिस की ओर से पूछताछ की गई। सोशल मीडिया पर प्रदर्शित कथित हथियार को आरोपी ने जांच के दौरान स्वयं पेश किया। पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लिया। जांच में यह खिलौना लाइटर पाया गया। हालांकि तकनीकी एवं तथ्यात्मक जांच से यह वीडियो लगभग चार वर्ष पुराना है, जिसे हाल ही में पुनः अपलोड किया गया था। एसपी बलवीर सिंह ने बताया कि मामले में जांच जारी है।