उपमंडल भोरंज के अंतर्गत गांव यानवीं में पिछले दो माह से राशन डिपो बंद पड़ा है। डिपो के शटर पर ताला लटका होने के कारण स्थानीय लोगों को राशन नहीं मिल पा रहा है। इस स्थिति से ग्रामीण बेहद परेशान हैं। सोमवार को ग्रामीणों ने धमरोल पंचायत उपप्रधान विजय कुमार की अध्यक्षता में एसडीएम भोरंज को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मांग उठाई है कि डिपो का संचालन किसी जिम्मेदार व्यक्ति को सौंपा जाए ताकि लोगों को समय पर राशन उपलब्ध हो सके। ग्रामीणों ने बताया कि डिपो खुलने के महज पांच माह बाद ही ऐसी स्थिति पैदा हो गई है। सैंकड़ों परिवार सरकारी सस्ते राशन पर निर्भर हैं। गरीब और बीपीएल परिवारों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। डिपो के अंदर पर्याप्त मात्रा में राशन सामग्री, मशीन और अन्य आवश्यक सामान मौजूद हैं। लेकिन लंबे समय से डिपो बंद रहने और बरसात के मौसम के चलते यह सामान खराब होने की आशंका बढ़ गई है। यदि समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो सरकारी राशन और संसाधन दोनों बर्बाद हो सकते हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो उन्हें धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इस दौरान उपप्रधान विजय कुमार, हेम राज, सीमा देवी, सपना देवी, नीलम, प्रीतम कुमार, कमला देवी, नीरज कुमार, सुनीता देवी, नेहा, रीता कुमारी, रक्षा कुमारी सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे। उधर भोरंज एसडीएम शशिपाल ने बताया कि ग्रामीणों ने ज्ञापन दिया है। दो दिन में ग्रामीणों की समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।