प्राथमिक शिक्षक संघ हिमाचल प्रदेश की ओर से निकाली जा रही 'प्राथमिक शिक्षा बचाओ न्याय यात्रा' बुधवार को पांचवें दिन हमीरपुर से शिमला के लिए रवाना हुई। यात्रा का पक्का भरो क्षेत्र में स्थानीय प्राथमिक शिक्षकों और सेवानिवृत्त अध्यापकों ने स्वागत किया। यात्रा का नेतृत्व कर रहे प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश शर्मा ने कहा कि संघ न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम के विरोध सहित 25 सूत्रीय मांगों को लेकर लंबे समय से आंदोलन कर रहा है। उनका कहना है कि तीन वर्ष से अधिक समय बीतने के बावजूद कई मांगों पर अब तक निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जेबीटी से टीजीटी पदोन्नति लंबे समय से लंबित है, जिससे बड़ी संख्या में शिक्षक प्रभावित हो रहे हैं। इसके अलावा प्रदेश के कई सरकारी प्राथमिक विद्यालय एक ही शिक्षक के भरोसे संचालित हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से रिक्त पदों को शीघ्र भरने और प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की। रमेश शर्मा ने कहा कि न्याय यात्रा के माध्यम से सरकार तक शिक्षकों की मांगों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार प्राथमिक शिक्षा और शिक्षकों से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय लेगी। इस दौरान देवेंद्र केवला, कृष्ण कुमार, बाबू राम, देशराज शर्मा सहित प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी और सदस्य भी मौजूद रहे।