ग्राम पंचायत टिक्कर डिडवीं के ग्रामीणों ने जंगल रोपा के वार्ड नंबर पांच में शामिल करने का विरोध जताया है। समस्या को लेकर ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त हमीरपुर अमरजीत सिंह से मिला। उन्होंने उपायुक्त को मांग पत्र सौंपते हुए टिक्कर डिडवीं व धरोग पंचायत को ताल वार्ड में शामिल करने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि उपायुक्त की ओर से पांच विधानसभा क्षेत्र की 234 ग्राम पंचायतों को 18 जिला परिषदों वाडों में बांटने की अधिसूचना जारी की है। इस अधिसूचना के अनुसार टिक्कर डिडवीं पंचायत को वार्ड नंबर पांच जंगल रोपा में अन्य 14 पंचायतों के साथ शामिल किया गया है। डिडवीं टिक्कर की भौगोलिक सीमा कहीं पर भी जंगल रोपा पंचायत के वार्डों के साथ नहीं मिलती। ग्राम पंचायत गसोता, धरोग व डिडवीं टिक्कर को बिना किसी निर्धारित मापदंड के जंगल रोपा में शामिल किया गया है। हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र की 33 पंचायतों को छोड़कर बाकी चार क्षेत्रों की 201 पंचायतों को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की चार-चार वार्डों में विभाजित किया है, जिसमें सबसे छोटा वार्ड ऊटपुर 12 पंचायतों की जनसंख्या 13152 पर बनाया गया है जबकि हमीरपुर क्षेत्र को केवल दो वार्डों में ही बांटा गया है। जहां गसोता, धरोग व टिक्कर डिडवीं पंचायतों को जंगल रोपा वार्ड में शामिल किया गया है, वहीं गसोता पंचायत से पहले स्थित काले अंब स्वाहल को ताल वार्ड में शामिल किया गया है। हमीरपुर क्षेत्र की 33 पंचायतों की कुल जनसंख्या 52,283 है। पंचायतों की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए तीन जिला परिषद वार्ड ताल चमनेड व जंगल रोपा गठित होने चाहिए।