हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच हमीरपुर इकाई की मासिक बैठक बस अड्डा हमीरपुर में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष नंद लाल चौहान ने की। बैठक में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अजमेर ठाकुर और पूर्व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश विशेष रूप से मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष नंद लाल ने बताया कि सात अप्रैल हो गई है लेकिन अभी तक परिवहन पेंशनरों को पेंशन तक नहीं दी गई है। परिवहन पेंशनरों के साथ हर माह भेदभाव पूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है। सरकार उनके साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। उन्होंने बताया कि पेंशन हर माह की पहली तारीख को देना सुनिश्चित किया जाए। लंबित देनदारियों का भुगतान शीघ्र किया जाए। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अजमेर ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आश्वासन दिया है कि हिमाचल संयुक्त संघर्ष समिति को वार्ता के लिए बुलाया जाएगा और शीघ्र ही जेसीसी का गठन किया जाएगा। यदि मुख्यमंत्री टालमटोल करते हैं तो पेंशनर समाज अपने परिवारों सहित एकजुट होकर पंचायत चुनावों का बहिष्कार करेगा। बैठक में शिव कुमार, पवन कुमार, रघुनाथ, राम लाल सहित कई पेंशनरों ने भाग लिया।