राजकीय उत्कृष्ट स्नातकोत्तर महाविद्यालय सुजानपुर में चल रही अंतर महाविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे दिन पहला मैच नादौन और सुजानपुर की टीमों के बीच हुआ । इसमें महाविद्यालय नादौन की टीम ने सात रन से जीत हासिल की। सुजानपुर की टीम ने टॉस जीतते हुए पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया जो गलत साबित हुआ। नादौन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 95 रन का स्कोर खड़ा कर लिया। नादौन की टीम की ओर से अतुल मिन्हास ने सबसे अधिक 34 रन का योगदान दिया। सुजानपुर टीम की ओर से प्रभास जैन ने तीन विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुजानपुर की टीम अधिक बेहतर प्रदर्शन करन पाई। दूसरा मैच ईवनिंग कॉलेज शिमला तथा महाविद्यालय हमीरपुर की टीम के बीच खेला जा रहा था। इसमें हमीरपुर की टीम ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। हमीरपुर की टीम ने विरोधी टीम के सामने 117 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईवनिंग कॉलेज की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं और तीन विकेट खोकर 40 रनों पर खेल रही थी। महाविद्यालय सुजानपुर की प्राचार्या डॉ. विभा ठाकुर ने मुख्य अतिथि तथा सेवानिवृत्त प्राचार्य रत्न चंद ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। इस मौके पर महाविद्यालय के उपप्राचार्य डॉ. जितेंद्र कुमार भनवाल, शारीरिक विभाग के आचार्य प्रो. संदीप शर्मा तथा प्रतियोगिता संयोजक प्रो. अरविंद कुमार, डॉ. राजीव भंडारी, प्रो. शशि तथा प्रो. साहिल शर्मा उपस्थित रहे।