सैनिक स्कूल सुजानपुर में गत दिन हुईं आगजनी घटना के बाद बुधवार को सुजानपुर विधायक कैप्टन रंजीत सिंह ने विद्यालय का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। विधायक ने कहा कि गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जान-माल की हानि नहीं हुई। उन्होंने कहा कि उस समय विद्यालय में अवकाश होने के कारण बच्चे स्कूल में उपस्थित नहीं थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। कैप्टन रंजीत सिंह ने प्रशासन व स्कूल प्रबंधन से नुकसान का विस्तृत आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। इस दौरान उपमंडल अधिकारी विकास शुक्ल व पूर्व अध्यक्ष राजिंद्र वर्मा उपस्थित रहे।