हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम चालक-परिचालक यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह ठाकुर मंगलवार को चंबा रवाना होने से पहले हमीरपुर बस अड्डा पहुंचे। इस दौरान हमीरपुर यूनियन के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। मीडिया को दिए ब्यान में मान सिंह ठाकुर ने बताया कि सरकार निगम कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा करे। उन्होंने कहा कि ओवरनाइट भत्ता, लंबित एरियर, वर्दियां उपलब्ध कराने और हर महीने की पहली तारीख को समय पर वेतन देने की मांग लंबे समय से की जा रही है। कर्मचारियों को एस्मा का डर दिखाकर उनकी आवाज नहीं दबाई जा सकती। यूनियन अपने अधिकारों और कर्मचारियों की जायज मांगों को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी।