नगर निगम हमीरपुर के महाराणा प्रताप पार्क में चीड़ का पेड़ गिरने से काफी नुकसान हुआ है। पेड़ के कारण झूले सहित ओपन एयर जिम के उपकरण पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। गनीमत यह रही की हादसे के दौरान वहां कोई मौजूद नहीं था। अन्यथा बड़ी दुर्घटना घटित हो सकती थी। जिला मुख्यालय से 500 मीटर दूर लोक निर्माण विभाग कलोनी के साथ स्थित इस पार्क में प्रतिदिन सैकड़ों लोग सैर करने और बच्चों के घूमाने के लिए लाते हैं लेकिन पेड़ के गिरने से लोग पार्क में जाने से गुरेज कर रहे हैं। इससे पूर्व भी पार्क में डंगा गिरने से काफी नुकसान हुआ था अब पेड़ के कारण टूटे हुए झूलों की मरम्मत नए सिरे से होगी। नगर निगम हमीरपुर की ओर से डेढ़ वर्ष पूर्व 10 लाख रुपये की लागत से पार्क का सौंदर्यींकरण कार्य करवाया गया है। कार्य के दैरान पार्क में महाराणा प्रताप की मूर्ति के साथ सजावटी लाइटें, वर्षा शालिका, बेंच, ओपन एयर जिम, सहित खेलने के लिए झूले स्थापित किए गए हैं ताकि शहर के लोगों को उचित स्थान मिल सके।अब झूलों और ओपन एयर जिम के उपकरणों के टूटने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने कहा कि पार्क के साथ बनाई गई पार्किंग में चौकीदार का कमरा भी है। पेड़ को हटाने के बारे में अवगत करवाया है लेकिन अभी तक पेड़ को हटाने में कार्रवाई नहीं हो पाई है। जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्क के साथ स्थापित पेड़ों की समय पर कांट छांट न होने से अक्सर बारिश के दौरान पेड़ों के गिरने का खतरा बना रहता है। उन्होंने पेड़ को हटाने की मांग की है। इस बारे में कोई भी शिकायत नहीं आई है। पार्क का निरीक्षण करवाया जाएगा ताकि समस्या का स माधान किया जा सके। कर्मचारियों को पेड़ को हटाने के निर्देश दिए जायेंगे। अभिषेक कुमार गर्ग, आयुक्त, नगर निगम हमीरपुर।