शिमला-मटौर मार्ग पर कोहली के पास अल सुबह साढे़ चार बजे लकड़ी से भरा हुआ ट्राला दुर्घटनाग्रस्त हो गया। ट्राला चालक ने पहले ट्रक को टक्कर मारी और फिर एक घर की दीवार से टकरा गया जिससे सुरक्षा दीवार और मकान की दीवारों को भी नुकसान पहुंचा है। घर के मालिक पवन कुमार शर्मा ने बताया ट्राला चालक ने नशा किया हुआ था। इस हादसे में ट्राला चालक घायल हो गया और उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है। पवन कुमार शर्मा ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर रोष जताया। उन्होंने बताया कि हादसे के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन पुलिस कर्मी सुबह तीन घंटे बाद मौके पर पहुंचे और उसके बाद चालक का हालचाल पूछने चले गए। इसके बाद वह दोबारा मौके पर पहुंचे तो वह समझौता करने पर अड़े रहे। उन्होंने कहा कि इससे उन्हें हजारों रुपये का नुकसान पहुंचा है और मुआवजे के रूप में जो राशि दी जा रही है वह काफी कम है। उन्होंने बताया कि यहां पर यह चौथा हादसा है तथा इससे पहले भी यहां पर हादसे पेश आ चुके हैं। हालांकि इस हादसे में अन्य प्रकार की जान का नुकसान नहीं पहुंचा है। ट्रक चालक ने समझोता कर लिया जिसके कारण उन्होंने शिकायत दर्ज नहीं करवाई है।