उपमंडल नादौन के तहत डगोह गांव में बाथरूम में लगी आग से 70 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान है। आग की घटना में गीजर, वाशिंग मशीन सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। फायर कर्मियों ने करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति को बचा लिया। घटना रात करीब 11:00 बजे कि है जब डगोह की नीलम के दो मंजिला मकान की दूसरी मंजिल के बाथरूम में आग लग गई। साथ के कमरे में नीलम की लड़की पढ़ाई कर रही थी। उसे बाथरूम में टाइलें टूटने की आवाज सुनाई दी। उसने अपनी मां को इस बारे अवगत करवाया। आग की घटना से अफरा-तफरी मच गई। इसके उपरांत फायर कर्मियों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर टीम करीब 11:00 बजे मौके के लिए रवाना हुई। फायर कर्मियों ने आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक करीब 70 हजार रुपये का नुकसान हो चुका था। आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। आशंका है कि आग शार्ट सर्किट के कारण आग लगी है। फायर विभाग की टीम ने सभी लोगों से आग्रह किया है कि आग लगने की सूचना तुरंत फायर कर्मियों को दें।