बस अड्डा अवाहदेवी में काली स्क्रीन लगी कार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच हजार रुपये का चालान काटा है। अवाहदेवी पुलिस चौकी प्रभारी विशाल कंवर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच के दौरान एक कार के शीशों पर काली स्क्रीन लगी पाई। पुलिस ने कार चालक को काली स्क्रीन हटाने के निर्देश दिए गए, लेकिन चालक ने पुलिस से बहस शुरू कर दी। चालक ने बताया कि यह उसकी निजी कार है। वह उस पर काली स्क्रीन लगा सकता है। पुलिस ने नियमों की जानकारी दी और समझाने का प्रयास किया। इसके बाद भी वह अपनी बात पर अड़ा रहा। पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए पांच हजार रुपये का चालान काट दिया। चौकी प्रभारी विशाल कंवर ने बताया कि काली स्क्रीन लगाना अपराध है।