अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हमीरपुर इकाई ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर महिला कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन गौतम कॉलेज हमीरपुर में किया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों की छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक उर्मिला ठाकुर ने शिरकत की। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज की युवा महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। खेल उनके आत्मविश्वास व नेतृत्व क्षमता को बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजन छात्राओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ाते हैं। उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में डिग्री कॉलेज हमीरपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। गौतम ग्रुप ऑफ कॉलेज की टीम उपविजेता रही। विजेता टीम को 5100 रुपये और ट्राफी और उपविजेता टीम को 3100 रुपये और ट्राफी दी गई। इस अवसर पर रीता शास्त्री, वाटिका आदि मौजूद रहीं।