जिला कांग्रेस की ओर से मंगलवार को हमीरपुर में बाबा साहेब सम्मान मार्च निकाला गया। यह मार्च लोक निर्माण विभाग हमीरपुर विश्राम गृह से लेकर गांधी चौक तक निकाला गया। एडीएम हमीरपुर के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित किया गया। ज्ञापन के माध्यम से गृहमंत्री को पद से हटाने की मांग की गई। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ नारेबाजी की गई। बाबा भीमराव अंबेडकर जिंदाबाद के नारे लगाए गए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती सहित अन्य कांग्रेस नेता तथा कार्यकर्ताओं ने कहा कि संविधान निर्माता बाबा भीमराव अंबेडकर के प्रति दिया गया गृहमंत्री का ब्यान निंदनीय है। भारतीय जनता पार्टी दलित वर्ग की हितैषी नहीं है। उन्होंने कहा कि संविधान का निर्माण करने वाले बाबा भीमराव अंबेडकर का अपमान सहन नहीं किया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी इस तरह के बयान से महत्वपूर्ण विषयों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री के ब्यान से देश गुस्से में हैं। भीमराव अंबेडकर ने दलित वर्ग की स्थिति को ध्यान में रखते हुए संविधान में उनके लिए कई प्रावधान किए। संविधान निर्माण के दौरान सभी वर्ग का विशेष ध्यान रखा गया। वहीं विधानसभा क्षेत्र भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने कहा कि संविधान निर्माता का भारतीय जनता पार्टी ने अपमान किया है। इस दौरान अन्य कांग्रेस कार्यकत्र्ता भी मौजूद रहे।