राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बदारन में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर के पांचवें दिन स्वयंसेवियों ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। इस दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धनेटा के मेडिकल ऑफिसर डॉ. अमृतांशु ने स्वयंसेवियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। डॉ. अमृतांशु ने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ उसके पारिवारिक और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। इसके दुष्प्रभाव व्यक्ति के साथ उसके परिवार और समाज पर भी पड़ते हैं। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए और नशे से बचकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाचार्य प्रबोध सिंह, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी हरदीप सिंह और हिंदी प्रवक्ता मीनाक्षी मौजूद रहे। शिविर के माध्यम से स्वयंसेवियों को जागरूक करने के साथ उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी प्रेरित किया गया।