कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'आतंकवादी' कहे जाने के कथित बयान पर विवाद गहरा गया है। हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु ने बुधवार को धर्मशाला पुलिस थाने में खड़गे के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 को चेन्नई में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान खड़गे ने सार्वजनिक मंच से प्रधानमंत्री के लिए आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल किया। इस पर भाजपा नेता ने कड़ी आपत्ति जताई है। एडवोकेट विश्व चक्षु ने शिकायत में कहा कि यह देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद का अपमान है और इससे करोड़ों भारतीयों की भावनाएं आहत हुई हैं। उनका कहना है कि ऐसे बयान समाज में वैमनस्य और तनाव बढ़ा सकते हैं तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। उन्होंने थाना प्रभारी धर्मशाला से मांग की है कि मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। शिकायत के साथ संबंधित समाचार की प्रति भी संलग्न की गई है। भाजपा नेता का आरोप है कि कांग्रेस चुनावी दबाव में मर्यादित भाषा की सीमा पार कर रही है, जिसे जनता स्वीकार नहीं करेगी।