हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव नतीजों को लेकर एग्जिट पोल में बताए जा रहे कड़े मुकाबले के बीच कांग्रेस अलर्ट पर आ गई है। मतगणना के दिन कांग्रेस हाईकमान ने चंडीगढ़ से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में विधायकों को सुरक्षित करने के लिए बड़े नेताओं की फील्डिंग लगाने की तैयारी की है। बुधवार रात तक कांग्रेस के कई बड़े दिग्गज नेताओं को चंडीगढ़ पहुंचने को कहा गया है। मतगणना के दिन शुरुआती रुझानों के बाद प्रदेश के कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला चंडीगढ़ से इन नेताओं को हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना करेंगे। पार्टी प्रत्याशियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी हाईकमान ने माइक्रो ऑब्जर्वर भी भेज दिए हैं। इन्हें पार्टी प्रत्याशियों के साथ अटैच किया गया है। इन्हें प्रत्याशियों की हर गतिविधि की जानकारी सीधे पार्टी के राष्ट्रीय मुख्यालय में रिपोर्ट करने का जिम्मा सौंपा है। लंबे समय से संगठन से जुड़े ये ऑब्जर्वर प्रत्याशियों को सुरक्षित रखेंगे। खरीद-फरोख्त से विधायकों को सुरक्षित करने के लिए कांग्रेस हाईकमान ने यह नई योजना तैयार की है।