चंबा के साहो क्षेत्र के तहत आने वाले सराहन, लचौड़ी, उआहणा व मैलोह के लिए जाने वाला पैदल रास्ता भूस्खलन की चपेट में आने लगभग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। इस मार्ग पर लोग जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर हैं। अगर खतरे भरी जगह पर जरा भी चूक हो जाए, तो नीचे गहरी खाई में गिर सकते हैं। मार्ग पर महिलाओं व बच्चों का गुजरना तो काफी मुश्किल है। जिला परिषद सदस्य मनोज मनु सहित स्थानीय लोगों ने कहा कि इस रास्ते में जलशक्ति विभाग की नहर है। नहर के रिसाव से कुड्डी मोड़ पर डंगा धंस गया था जिस वजह से रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया है। चंबा सदर के विधायक नीरज नैयर के सराहन पंचायत के दौरे के दौरान लोगों ने विधायक के समक्ष भी इस मांग को रखा था। लोगों ने प्रशासन सहित विधायक से टूटे हुए रास्ते को ठीक करवाने की गुहार लगाई है।