बनीखेत बाजार में शुक्रवार को दूसरे दिन भी एलपीजी की गाड़ी पहुंची, जिससे उपभोक्ताओं को काफी राहत मिली। पिछले दिन गैस वितरण के दौरान अव्यवस्था का माहौल देखने को मिला था, जिसके चलते कई लोगों को खाली सिलिंडर लेकर ही वापस लौटना पड़ा था। ऐसे में शुक्रवार को एजेंसी कर्मी और पुलिस की मौजूदगी में गैस वितरण व्यवस्था को बेहतर तरीके से संचालित किया गया। जानकारी के अनुसार गैस एजेंसी की गाड़ी करीब 120 सिलिंडर लेकर बनीखेत बाजार पहुंची। प्रशासन ने उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस कर्मियों की निगरानी में गैस वितरण करवाया। गैस कर्मियों ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं ने ऑनलाइन बुकिंग करवाई थी और जिन्हें कंपनी की ओर से ओटीपी प्राप्त हुए थे, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलिंडर उपलब्ध करवाए गए।