औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन आईटीआई चंबा में किया गया। जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में सरकारी और गैर सरकारी 9 आईटीआई के 250 खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। मंगलवार को सदर विधायक नीरज नैयर ने जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। आईटीआई के प्रधानाचार्य विपिन शर्मा और खेलकूद प्रतियोगिता के प्रभारी राहुल राठौर ने मुख्य अतिथि को पुष्प कुछ देकर उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने सरस्वती माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर और खेलकूद प्रतियोगिता का तिरंगा फहराकर प्रतियोगिता का आगाज किया। इस दौरान आईटीआई चंबा की महिला प्रशिक्षुओं की ओर से सरस्वती वंदना व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। साथ ही जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में शामिल विभिन्न आईटीआई के प्रशिक्षु खिलाड़ियों ने मार्च पास किया।