घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं विकासखंड कार्यालय में गुरुवार को ब्लॉक विकास समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदलते नजर आए। अध्यक्ष पद कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार के खाते में गया, जबकि उपाध्यक्ष पद पर भाजपा ने जीत हासिल कर सत्ता का संतुलन अपने पक्ष में कर लिया। चुनाव परिणाम ने दोनों दलों के बहुमत के दावों की हवा निकाल दी और मतदान में हुई क्रॉस वोटिंग पूरे चुनाव की सबसे बड़ी चर्चा बन गई। अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस समर्थित घंडालवीं वार्ड से निर्वाचित उषा देवी और भाजपा समर्थित हम्बोट वार्ड की नरेश धीमान आमने-सामने थीं। कुल 34 बीडीसी सदस्यों ने मतदान किया, जिसमें उषा देवी को 18 और नरेश धीमान को 16 मत मिले। दो मतों के अंतर से उषा देवी अध्यक्ष निर्वाचित घोषित की गईं। इसके बाद उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान हुआ। भाजपा ने तल्याणा वार्ड से निर्वाचित रमेश कुमार को उम्मीदवार बनाया, जबकि कांग्रेस ने ननावां वार्ड से निर्वाचित मेहर सिंह को मैदान में उतारा। इस मुकाबले में भाजपा के रमेश कुमार को 21 और कांग्रेस के मेहर सिंह को 13 मत मिले। आठ मतों के स्पष्ट अंतर से रमेश कुमार उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए।