प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम सरकार गांव के द्वार की शुरुआत उपमंडल घुमारवीं की ग्राम पंचायत कसारू से 17 जनवरी को होगी। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्मानी कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक की हुई। उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों को जनजन तक पहुंचाने और लोगों की विभिन्न समस्याओं को उनके घरद्वार के समीप सुलझाने के लिए सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम आरंभ किया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को प्रदेश सरकार की विभिन्न नीतियों और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग को इस कार्यक्रम में मेगा शिविर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इस जिला स्तरीय कार्यक्रम के अलावा चारों विधानसभा क्षेत्रों में भी यह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में 18 जनवरी, झंडूता विधानसभा क्षेत्र में 19 जनवरी, बिलासपुर सदर विधानसभा क्षेत्र में 20 जनवरी और श्री नयनादेवी जी विधानसभा क्षेत्र में 21 जनवरी को सरकार गांव के द्वार पहुंचेगी। उपायुक्त बिलासपुर ने बताया कि संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम के दौरान उस विधानसभा क्षेत्र के सभी चुने हुए प्रतिनिधियों भूतपूर्व विधायकों को भी इस कार्यक्रम के लिए निमंत्रण प्रशासन की ओर से दिया जाएगा। बैठक में सभी उपमंडलों के उपमंडल अधिकारी और सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।