हमीरपुर जिला मुख्यालय के निकट अणु स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, हॉकी, जूडो और कुश्ती के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के ट्रायल सोमवार को अणु के सिंथेटिक ट्रैक पर लिए गए। नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के सहायक निदेशक मनोज अवती ने कहा कि इन ट्रायल में 21 वर्ष तक के महिला एवं पुरुष वर्ग के 100 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। ट्रायल के लिए खिलाड़ियों को सुबह 8 बजे अणु के सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड में रिपोर्ट करने और अपने साथ जन्म तिथि प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, खेलों में उपलब्धियों के दस्तावेज और शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की मूल एवं सेल्फ अटेस्टेड प्रतियां तथा चार पासपोर्ट साइज फोटो लाने के लिए कहा गया था । उन्होंने कहा कि चयनित खिलाड़ियों को गैर आवासीय के आधार पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इन्हें हॉस्टल सुविधा नहीं मिलेगी।