श्री नयना देवी जी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत स्वाहन के खैरियां गांव में भारी बरसात के चलते मकानों को खतरा पैदा हो गया है। जिला परिषद उपाध्यक्ष मानसिंह ने शुक्रवार को प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। मान सिंह ने बताया कि पहाड़ी के नीचे रेलवे लाइन की टनल निकाली गई है और इस दौरान हुई भारी ब्लास्टिंग के कारण पहले ही ग्रामीणों के मकानों में दरारें आ चुकी थीं। उस समय कोई कार्रवाई नहीं हुई, लेकिन अब लगातार हो रही बारिश से जमीन धंसने लगी है, जिससे ग्रामीणों के मकान खतरे की जद में आ गए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि प्रभावित परिवारों की स्थिति का तुरंत सर्वे करवाकर उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वे सुरक्षित स्थान पर रह सकें और उनका नुकसान कम हो सके। पीड़ित परिवारो का कहना है इससे पहले भी हमने काफी बार प्रशासन को अवगत करवाया था, लेकिन कोई उचित कारवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा अब इस भारी बरसात में उनकी ज़मीन धंसने लग गई है ओर घरों को भी खतरा बन गया है। पीड़ित परिवारो ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी जमीनों, मकानों का सर्वे करवाया जाए।