अखिल भारतीय आतंकवाद विरोधी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनिंदरजीत सिंह बिट्टा ने शक्तिपीठ श्री नयना देवी मंदिर में माथा टेककर देश की खुशहाली और सुरक्षा के लिए प्रार्थना की। मंदिर में दर्शन के बाद उन्होंने कहा कि हमारा राष्ट्र मजबूत हो, देश की सीमाएं सुरक्षित रहें और माता रानी देश व प्रधानमंत्री की रक्षा करें। इससे पहले बिट्टा ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और प्राचीन हवन कुंड में आहुतियां डालकर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पूरी दुनिया तेल संकट से गुजर रही है, जिसका असर भारत पर भी पड़ रहा है। ऐसे समय में देश के प्रधानमंत्री की ओर से सुरक्षा व्यवस्था में भी कटौती कर लोगों से तेल बचाने की अपील करना सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि देशवासियों को इस चुनौतीपूर्ण समय में एकजुट होकर परिस्थितियों का सामना करना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री की लंबी उम्र और देश की निरंतर प्रगति के लिए भी माता रानी से प्रार्थना की। इस अवसर पर मंदिर न्यास की ओर से मनिंदरजीत सिंह बिट्टा को माता की चुनरी और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया गया।