मांगों को लेकर बिलासपुर जिले के अस्पतालों में सभी चिकित्सक गुरुवार को सामूहिक अवकाश पर रहे। इस दौरान सभी अस्पतालों में आपातकालीन सेवाएं सुचारू रूप से चली रहीं। चिकित्सकों की हड़ताल के चलते कम संख्या में लोग गुरुवार को अस्पताल पहुंचे। वहीं चिकित्सकों ने अवकाश के दौरान क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में रक्तदान किया। सामूहिक अवकाश के चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि लोगों को सभी अस्पतालों में आपातकालीन सेवाएं मिलती रहीं। बिलासपुर इकाई के अध्यक्ष डॉ. भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि प्रदेश संघ के आह्वान पर सभी चिकित्सक अवकाश पर रहे। आपातकालीन सेवाएं लोगों को सुचारू रूप से दी गई। कहा कि बैठक में निर्णय लिया गया कि जितना जल्द सरकार मांगों को पूरा करेगी, उतना शीघ्र्र ही यह पेन डाउन स्ट्राइक खत्म होगी। उन्होंने बताया कि इस दौरान चिकित्सकों ने क्षेत्रीय अस्पताल में मानवता की सेवा के लिए रक्तदान किया।